# केंद्र सरकार द्वारा लाए गए श्रम कानून को एकजुट होकर मजदूरों को विरोध करने की जरूरत- विनोद राय
गम्हरिया : रामकृष्णा फोर्जिंग्स कामगार संघ की वार्षिक बैठक बड़ा गम्हरिया स्थित चित्रगुप्त भवन में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता यूनियन के अध्यक्ष अभय कुमार ने किया। इस मौके पर मुख्य रूप से इंटक के प्रदेश उपाध्यक्ष सह यूनियन के सलाहकार विनोद कुमार राय उपस्थित थे। उन्होंने अपने संबोधन में मजदूरों को जागरूक रहने की सलाह दिया। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा लागू किए जाने वाले चार श्रम कानूनों को मज़दूर विरोधी बताते हुए कहा कि इस काले कानून से मजदूरों का हित नहीं होने वाला है। बल्कि यह कानून उद्योगपतियों के हित को ध्यान में रखकर बनाया गया है। उन्होंने मजदूरों से इस श्रम कानून के खिलाफ एकजुट होकर विरोध करने को कहा। श्री राय ने कहा कि जिस हक और अधिकार को पाने के लिए पूरे विश्व के लाखों मजदूरों ने संघर्ष कर अपना बलिदान दिया था, उसे बरकरार रखने के लिए हमें एकजुट होकर वर्तमान केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज उठाना होगा। उन्होंने वर्तमान केंद्र सरकार को मज़दूर, किसान, आदिवासी और दलित विरोधी बताते हुए इसे उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए यूनियन के अध्यक्ष ने मजदूरों की एकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि संगठित होकर ही हम अपने हक और अधिकार की रक्षा कर सकते हैं। इससे पूर्व कोषाध्यक्ष अच्छेलाल यादव ने वर्ष भर का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया जिसे ध्वनिमत से पारित किया गया। महामंत्री तारकेश्वर यादव ने इस वर्ष यूनियन की ओर से मजदूर हित में किए गए कार्यों को विस्तार से रखा। इस मौके पर कई कामगारों द्वारा यूनियन के समक्ष विभिन्न समस्याओं को रखा गया जिसके समाधान का आश्वासन दिया गया। इस मौके पर आगामी रविवार, 11 जनवरी को केंद्र सरकार के द्वारा लाए गए चार श्रम कानूनों के विरोध में कंपनी गेट से गम्हरिया लाल बिल्डिंग चौक तक मोटरसाइकिल रैली निकालने और केंद्र सरकार का पुतला दहन करने का निर्णय लिया गया। अंत में यूनियन के उपाध्यक्ष दिनेश राम ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस मौके पर यूनियन के नवल झा, शैलेन्द्र सिंह, विपुल गोलदार, मुंशी यादव, अशोक मिश्रा, प्रणव कुमार, विक्रम प्रधान, राज कुमार साफी, अरुण झा, कुशध्वज प्रमाणिक, सोमू गुप्ता समेत काफी संख्या में कामगार उपस्थित थे।

0 Comments