गम्हरिया : कांड्रा-चांडिल रेलखंड पर झांझर पुल के समीप पोल संख्या 389/एस11 के पास अप लाइन रेलवे ट्रैक के किनारे बीते शुक्रवार की देर रात अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक मालगाड़ी के चालक की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना रेलवे कंट्रोल को दी, जिसके बाद मामले की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद कांड्रा थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मृतक के पहचान में जुट गई है। मृतक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ट्रेन की चपेट में आने समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

0 Comments